Breaking News

स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर भोपालपटनम में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू

सरकार जनता को राहत देने के बजाय मुश्किलें बढ़ा रही है – विक्रम मंडावी 

बीजापुर (हिन्दसत)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने बुधवार को भोपालपटनम में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

अभियान की शुरुआत के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर जैसी नीतियों के जरिए आम परिवारों की परेशानी बढ़ा रही है। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद मनमानी बिलिंग और पारदर्शिता की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन शिकायतों को लेकर जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चला रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि जिले के युवा रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं, किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है और दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था आम लोगों की बजाय बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाली है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने तक यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button