Breaking News

संगमपल्ली में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर कांग्रेस का विरोध, भाजपा नेताओं पर लगाए आरोप

नीना रावतिया उद्दे बोलीं- ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध शराब दुकान खोलने का प्रयास लोकतंत्र के खिलाफ

बीजापुर (हिन्दसत)। जिला पंचायत सदस्य एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री नीना रावतिया उद्दे ने ग्राम पंचायत संगमपल्ली में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर भाजपा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुल्लेया और आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि जहां लोग सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं संगमपल्ली में ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद शराब दुकान खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

नीना रावतिया उद्दे ने आरोप लगाया कि 20 सितंबर को जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शराब दुकान खुलवाने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने दावा किया कि बैठक में ग्रामीणों को बताया गया कि सरकार और पुलिस बिना सहमति के भी शराब दुकान खोल सकती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार एक ओर नशा मुक्ति की बात करती है, जबकि दूसरी ओर गांवों में शराब दुकानें खोलने की पहल की जा रही है। उन्होंने संगमपल्ली में शराब दुकान खोलने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए सरकार और प्रशासन से ग्रामीणों की मंशा का सम्मान करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध शराब दुकान खोली गई तो कांग्रेस पार्टी इसके विरोध में आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

Related Articles

Back to top button