Breaking News

विकास और विश्वास की पहचान बने संबित मिश्रा को भावुक विदाई

बीजापुर के अधिकारी-कर्मचारियों ने नम आंखों से कहा अलविदा, माओवादी क्षेत्र में संवेदनशील प्रशासन और विकास कार्यों को किया याद

बीजापुर (हिन्दसत)। कलेक्टर संबित मिश्रा को शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। विदाई समारोह में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भावुक नजर आए। बीजापुर जैसे माओवादी प्रभावित और चुनौतीपूर्ण जिले में उनका कार्यकाल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और यादगार माना जा रहा है।

बीजापुर जिले के कई सुदूर इलाकों तक कभी प्रशासन की पहुंच सीमित मानी जाती थी, लेकिन संबित मिश्रा के कार्यकाल में विकास और विश्वास की नई पहल देखने को मिली। कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और सुरक्षा चुनौतियों के बीच उन्होंने बेहतर समन्वय और संवेदनशील कार्यशैली के जरिए जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

विदाई समारोह में एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव, उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा तथा अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल ने संबोधित करते हुए उनके कार्यकाल को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी हमेशा प्राथमिकता दी। कार्यक्रम के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी भावुक दिखाई दिए।

अपने संबोधन में संबित मिश्रा ने बीजापुर में बिताए कार्यकाल को जीवन का स्वर्णिम समय बताया। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का श्रेय जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और मैदानी अमले की टीम भावना और मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि बीजापुर की जनता का स्नेह और सहयोग उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी रहा।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं जिला कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button