Breaking News

ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, 25 हजार बोरी जलकर खाक

8 करोड़ से अधिक नुकसान की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर करीब 25 हजार बोरी तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 8 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण देर शाम तक काबू पाने के लिए मशक्कत जारी रही।

घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। प्रशासनिक अधिकारी और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

सीसीएफ बस्तर जगदलपुर आलोक तिवारी ने बताया कि गोदाम की कुल क्षमता लगभग 50 हजार बोरियों की है। अब तक आठ समितियों से करीब 25 हजार वास्तविक बोरी तेंदूपत्ता यहां पहुंच चुका था। इनमें लगभग 12 से 13 हजार मानक बोरे शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

उन्होंने बताया कि घटना के समय आसपास मौजूद वनोपज समितियों के प्रबंधक और श्रमिक लंच ब्रेक पर थे। गोदाम परिसर में भोजन पकाना और ज्वलनशील वस्तुएं रखना पूरी तरह प्रतिबंधित है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कराई जा रही है कि आखिर तेंदूपत्ता गोदाम में आग कैसे लगी।

Related Articles

Back to top button