यातायात पुलिस का सघन अभियान : दो दिनों में 68 वाहन चालकों पर कार्रवाई
नियम तोड़ने वालों से 24 हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया, बार-बार उल्लंघन करने वालों के प्रकरण न्यायालय भेजे जाएंगे

बीजापुर (हिन्दसत)। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के निर्देशन में जिला यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने 24 एवं 25 जून 2026 को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर विशेष वाहन जांच अभियान संचालित किया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे मामलों में मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 24 जून को 35 प्रकरणों में 11,300 रुपए तथा 25 जून को 33 प्रकरणों में 12,700 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 68 प्रकरणों में 24,000 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके पालकों को बुलाकर यातायात नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की समझाइश भी दी।
यातायात प्रभारी केशव ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा शराब या अन्य किसी नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए करें। सड़क पर आपकी एक छोटी-सी सावधानी किसी अनमोल जीवन को बचा सकती है।


