चार सूत्रीय मांगों को लेकर सहकारी समिति कर्मचारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ की महाबैठक संपन्न
विधानसभा घेराव की तैयारी, प्रदेशभर से 10 से 15 हजार कर्मचारियों की भागीदारी का दावा

नवा रायपुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ रायपुर एवं छत्तीसगढ़ समर्थन धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ रायपुर की संयुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की महाबैठक 25 जून को नवा रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी 33 जिलों से आए प्रतिनिधियों ने लंबित चार सूत्रीय मांगों की पूर्ति के लिए आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 एवं 28 जून को सभी जिलों में संयुक्त बैठकें आयोजित कर कर्मचारियों और ऑपरेटरों से फोटो सहित लिखित सहमति पत्र प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही आर्थिक सहयोग की राशि भी महासंघ को भेजी जाएगी। जिलों से अधिकाधिक सहमति मिलने के बाद विधानसभा घेराव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रस्तावित विधानसभा मानसून सत्र के दौरान लंबित चार सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव किया जाएगा। आंदोलन में दोनों संगठनों के कर्मचारी अपने परिवार सहित शामिल होंगे।
बैठक के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने पंजीयक कार्यालय पहुंचकर लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही आंदोलन के दौरान कर्मचारियों पर की गई समस्त कार्रवाई निरस्त कर सवेतनिक बहाली की मांग भी रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता से मुलाकात कर समिति प्रबंधक एवं बैंक कैडर के पदों पर 50 प्रतिशत विभागीय भर्ती की मांग भी रखी। इस दौरान मार्कफेड के प्रबंध संचालक शशिकांत द्विवेदी भी उपस्थित रहे। बैठक में मांगों के संबंध में सकारात्मक चर्चा होने की जानकारी दी गई।
बैठक में प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास (राजनांदगांव), प्रदेश ऑपरेटर संघ अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे (गरियाबंद), यशवंत शर्मा वर्मा (खैरागढ़), किसुन देवागन (राजनांदगांव), रामकुमार वर्मा (रायपुर), पोषण धुरंधर (रायपुर), कौशल वर्मा (रायपुर), संतोष साहू (बालोद), नरेंद्र साहू (कांकेर), दीपक जायते (कांकेर), योगेश शर्मा (बीजापुर) सहित शक्ति, बलौदाबाजार और अन्य जिलों के लगभग पचास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने विभागीय भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू (धमतरी) ने बताया कि यदि विधानसभा घेराव से पूर्व मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो प्रदेशभर से लगभग 10 से 15 हजार कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर अपने परिवार सहित नवा रायपुर स्थित तुता धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगे।



