जंगल से आईआईटी तक: अर्जुन ने बढ़ाया बीजापुर का मान
जेईई में उत्कृष्ट प्रदर्शन, आईआईटी प्रिपरेटरी कोर्स के लिए चयनित

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल से आने वाले प्रतिभाशाली छात्र अर्जुन हेमला ने जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आईआईटी प्रिपरेटरी कोर्स में चयनित होकर बीजापुर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
अर्जुन की सफलता में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित “छू लो आसमान” पहल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने में यह पहल लगातार सफल साबित हो रही है।

अर्जुन हेमला की सफलता में मार्गदर्शक शिक्षक रुद्र मूर्ति, गुंजन सिंह एवं रूपेश साहू सहित अन्य शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, समर्पण और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके प्रयासों ने अर्जुन को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी नागेश्वर निषाद ने कहा कि अर्जुन की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक कोड्रॉ ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अर्जुन ने अपने दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है।
कार्यक्रम के दौरान उसूर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, “छू लो आसमान” के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने अर्जुन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।


