बीजापुर के युवाओं के लिए विदेश में करियर का सुनहरा अवसर, इजराइल में मिलेगी नौकरी और आकर्षक वेतन
होम-केयर गिवर पदों पर भर्ती शुरू, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा करीब 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन, साथ में आवास, भोजन और बीमा की सुविधा

बीजापुर (हिन्दसत)। विदेश में रोजगार का सपना देखने वाले बीजापुर जिले के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य शासन के निर्देशानुसार इजराइल में होम-केयर गिवर पदों पर भर्ती की जा रही है, जिसके लिए जिले के योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह भर्ती युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने और बेहतर आय अर्जित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।
भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) द्वारा संचालित इस भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में कार्य करने का अवसर मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को चिकित्सा बीमा, आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा 6 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी प्रदान किया जाएगा।
इस भर्ती के लिए एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट एवं जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना आवश्यक है।
विशेष बात यह है कि सभी वैधानिक कटौतियों के बाद चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 09 जून से 12 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर बीजापुर में कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।



