Breaking News

बीजापुर को स्थायी पेयजल का संबल, फिर भी अधर में आवर्धन जल प्रदाय योजना

मिंगाचल (बेरूदी नदी) पर बन रहा एनीकट, वर्षभर जल उपलब्धता की उम्मीद

बीजापुर (हिन्दसत)। नगर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से मिंगाचल स्थित बेरूदी नदी पर एनीकट निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। यह निर्माण बीजापुर आवर्धन जल प्रदाय योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से पाइपलाइन द्वारा मिंगाचल से बीजापुर नगर तक पेयजल पहुंचाने की परिकल्पना की गई है। हालांकि योजना को लेकर लंबे समय से अपेक्षाएं बनी हुई हैं, लेकिन इसका पूर्ण लाभ अभी तक नगरवासियों को नहीं मिल पाया है।

प्रस्तावित एनीकट के निर्माण से नदी में वर्षभर जल का भंडारण संभव हो सकेगा, जिससे बीजापुर शहर को नियमित और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा भू-जल स्तर में सुधार की संभावना भी बढ़ेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार एनीकट बनने से वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जल उपलब्धता में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा। स्थानीय ग्रामीणों एवं पशुओं के लिए निस्तारी सुविधाएं भी बेहतर होंगी।

बताया जा रहा है कि परियोजना केवल वर्तमान पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भविष्य की बढ़ती आबादी और जल मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। योजना के पूर्ण क्रियान्वयन के बाद बीजापुर शहर को स्थायी पेयजल व्यवस्था का मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button