विकास और शिक्षा हमारी सरकार की दो सबसे बड़ी प्राथमिकताएँ : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला में बस्तर के बदलते स्वरूप, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

जगदलपुर (हिन्दसत)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) रायपुर द्वारा जगदलपुर में आयोजित विशेष मीडिया संवाद कार्यशाला ‘वार्तालाप’ में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि विकास और शिक्षा सरकार की दो सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताएँ हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से बस्तर नक्सलवाद के अंधेरे से निकलकर विकास और विश्वास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का विषय “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष : नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर” रहा। मंत्री श्री साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनधन योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि देश में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं तथा 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं 4 करोड़ से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है और 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर आज तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वनधन केंद्रों, एकलव्य विद्यालयों और बुनियादी ढांचे के विस्तार से क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में जगदलपुर महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसएसपी शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

