Breaking News

दरभा के जैगूर से सुनी गई प्रधानमंत्री का संदेश ‘मन की बात’ 

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बांटे वनाधिकार पत्र, किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ

बीजापुर (हिन्दसत)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के संदेश को सुना।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं की नवाचार और विकसित भारत निर्माण में भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

इस दौरान मंत्री कश्यप ने छह हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित किए और नीट-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों को तिरंगा भेंट किया तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जी. वेंकटेश्वर, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button