Breaking News

बस्तर में भाजपा आदिवासी मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, प्रथम प्रवास पर नेताओं का भव्य स्वागत

संगठन विस्तार और ‘मोदी के 12 साल बेमिसाल’ अभियान को गांव-गांव पहुंचाने का लिया संकल्प

बीजापुर (हिन्दसत)। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह तथा छत्तीसगढ़ आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) विकास मरकाम के बस्तर संभाग के प्रथम प्रवास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

बस्तर संभाग के चार प्रमुख जिलों बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पारंपरिक जनजातीय नृत्य, ढोल-नगाड़ों और पुष्पमालाओं के साथ दोनों नेताओं का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रवास के दौरान आयोजित भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिलास्तरीय बैठकों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठकों में “मोदी जी के 12 साल बेमिसाल” अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। साथ ही अनुसूचित जनजाति मोर्चा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं विकास मरकाम ने जनजातीय समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती और विकास योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को समय की आवश्यकता बताया।

प्रवास के दौरान पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष बैदूराम कश्यप, पूर्व विधायक लच्छू कश्यप, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर जगत, प्रदेश मंत्री जिलाराम राणा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूर्व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप ने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से आदिवासी नेतृत्व का प्रवास काफी महत्वपूर्ण है तथा जमीनी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत और प्रेरित किया है।

Related Articles

Back to top button