Breaking News

पैंगोलिन शिकार मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

वन अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा – डीएफओ 

बीजापुर (हिन्दसत)। वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजापुर वनमंडल और इंद्रावती टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने पैंगोलिन शिकार मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला जेल बीजापुर भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार भोपालपटनम परिक्षेत्र एवं इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पिल्लूर परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने 24 जुलाई 2026 को भोपालपटनम के सैंड्रापारा क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की प्रासंगिक धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को 25 जुलाई को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीजापुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी डॉ. सागर जाधव रामचंद्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अभियान का नेतृत्व उपवनमंडलाधिकारी नीतीश रावटे और वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक जायसवाल ने किया। कार्रवाई में बीजापुर वन विभाग और इंद्रावती टाइगर रिजर्व की टीम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वन सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वनमंडलाधिकारी डॉ. सागर जाधव रामचंद्र ने कहा कि वन अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और वन्यजीवों के शिकार अथवा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपवनमंडलाधिकारी नीतीश रावटे ने बताया कि वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित गश्त और सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है, जिससे वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button