जागरूकता : नाबालिगों को वाहन न देने और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस गंभीर
बाजार, अटल आवास और डारापाल में चलाया गया अभियान, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की समझाइश

बीजापुर (हिन्दसत)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बीजापुर पुलिस द्वारा जिले के अटल आवास, थाना नेलसनार अंतर्गत डारापाल तथा साप्ताहिक बाजार बीजापुर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान किशोरों, अभिभावकों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों, नशामुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव तथा बारिश के मौसम में सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके कानूनी परिणामों की विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बताया गया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करता है या दुर्घटना का कारण बनता है, तो वाहन स्वामी और अभिभावक के विरुद्ध भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

पुलिस द्वारा युवाओं और नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं से स्वयं जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
वर्षा ऋतु को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और पुल-पुलियों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि तेज बहाव या पुल पर पानी होने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन का आवश्यक बीमा होने पर सड़क दुर्घटना की स्थिति में पात्र व्यक्तियों को कैशलेस उपचार योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा मिल सकती है। पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।


