Breaking News

बड़ी खबर : बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने लिया संज्ञान, एडीएम सहित दो सदस्यीय जांच दल गठित

घटनाक्रम की विस्तृत जांच और साक्ष्य एवं परिस्थितियों का होगा परीक्षण

बीजापुर (हिन्दसत)। फूड सेफ्टी अधिकारी दीपक देवांगन पर व्यापारियों द्वारा लगाए गए कथित दुर्व्यवहार एवं घर में जबरन प्रवेश के आरोपों के मामले में बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

जारी आदेश के अनुसार अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) बीजापुर सहित दो सदस्यीय टीम पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करेगी। समिति को निर्देशित किया गया है कि सभी पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य एवं परिस्थितियों का परीक्षण कर सात दिवस के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करे।

गौरतलब है कि फूड सेफ्टी अधिकारी दीपक देवांगन पर होटल व्यवसायी रामु गुप्ता के घर पहुंचकर कथित रूप से महिला के साथ अभद्र व्यवहार एवं धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए गए थे। इस घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया और व्यापारी संघ ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर एवं गिरफ्तारी की मांग करते हुए आंदोलन और बाजार बंद की चेतावनी दी है।

कलेक्टर द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button