Breaking News

जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर में चुनावी सरगर्मी तेज, आज से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

46 सदस्य लेंगे चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा, आचार संहिता उल्लंघन पर 20 सदस्यों को किया गया बाहर

बीजापुर। पंजीकृत संस्था जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर के चुनाव को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव कार्यक्रम के तहत आज से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इसके साथ ही निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव में भाग लेने वाले सदस्यों की अंतिम सूची भी जारी कर दी है।

जारी सूची के अनुसार कुल 46 सदस्य चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे और विभिन्न पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में निर्वाचन अधिकारी ने 20 सदस्यों को संगठन की चुनावी प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। इस निर्णय के बाद संगठन के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सबसे अधिक दिलचस्प मुकाबला अध्यक्ष पद के लिए देखने को मिल सकता है। अब तक अध्यक्ष पद के लिए चार नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं, जिनमें कमलेश पैंकरा, गणेश मिश्रा, के. संतोष और ईश्वर सोनी शामिल हैं। हालांकि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और माना जा रहा है कि इस बार संगठन के नेतृत्व को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button