Breaking News

हफ्ते भर से बारिश थमी, जिले में अब तक 292.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज

बारिश पर ब्रेक से बढ़ी किसानों की चिंता, भैरमगढ़ में सर्वाधिक 401.2 मिमी वर्षा

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में पिछले लगभग एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के बावजूद इस मानसून सीजन में अब तक औसत वर्षा का आंकड़ा 292.8 मिमी तक पहुंच गया है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक जिले की सभी तहसीलों में कुल 292.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

जिले में सबसे अधिक वर्षा भैरमगढ़ तहसील में 401.2 मिमी दर्ज की गई है। इसके बाद कुटरू में 385.7 मिमी, बीजापुर में 346.0 मिमी, गंगालूर में 263.0 मिमी तथा भोपालपटनम में 248.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं उसूर तहसील में सबसे कम 112.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

हालांकि जिले में अब तक संतोषजनक वर्षा दर्ज हुई है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से बारिश का सिलसिला थमने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभरने लगी हैं। धान की बुआई और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई के बाद खेतों को पर्याप्त नमी की आवश्यकता होती है। लगातार सूखे जैसे हालात बने रहने पर फसलों की वृद्धि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान जल्द अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि कृषि कार्यों की रफ्तार बनी रहे और फसलों को नुकसान न पहुंचे।

Related Articles

Back to top button