सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर 85वीं बटालियन में विविध आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
सीआरपीएफ सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के अपने मूल्यों के साथ देश की सुरक्षा और शांति के लिए निरंतर कार्य करेगी – सुनील कुमार राही

बीजापुर (हिन्दसत)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर 85वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय नयापारा, बीजापुर सहित दूरस्थ एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में तैनात बटालियन की कंपनियों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया।
स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही, अधिकारियों एवं जवानों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कमांडेंट को क्वार्टर गार्ड पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा अधिकारियों और जवानों के बीच मिठाई वितरित कर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर आयोजित विशेष सैनिक सम्मेलन में कमांडेंट सुनील कुमार राही ने अधिकारियों और जवानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले मेडल धारकों को सम्मानित किया गया तथा सीआरपीएफ की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला गया। सम्मेलन में नक्सल विरोधी अभियानों में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने तथा संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण किया गया। वहीं बटालियन मुख्यालय नयापारा में खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। दूरस्थ कैंपों में तैनात कंपनियों ने भी खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट सुनील कुमार राही ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीआरपीएफ सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के अपने मूल्यों के साथ देश की सुरक्षा और शांति के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करता रहेगा।


