Breaking News

तेंदूपत्ता खरीदी केंद्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता पर दिया जोर

मेहता और फायदागुड़ा में हितग्राहियों से चर्चा, व्यवस्थाएं संतोषजनक

सुकमा (हिन्दसत)। जिले में तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार ने शुक्रवार को मेहता और फायदागुड़ा स्थित खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और खरीदी रजिस्टर की प्रविष्टियों का अवलोकन कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित वन अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य के अनुरूप खरीदी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीणों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित रहे, केंद्रों में समय पर कार्य हो तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि संग्रहणकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर तेंदूपत्ता तोड़ने, सुखाने और विक्रय की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही भुगतान व्यवस्था, पत्तों की गुणवत्ता और बिक्री प्रक्रिया पर भी चर्चा की। कलेक्टर ने फड़ मुंशी से प्रतिदिन तोड़ाई का समय, हितग्राहियों के आने का समय, पत्ता गिनती की प्रक्रिया और बारिश से होने वाले नुकसान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से तेंदूपत्ता प्रभावित होने की स्थिति में सुखाने और भंडारण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हितग्राहियों को नुकसान न हो।

निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। कलेक्टर ने दोहराया कि खरीदी कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता और हितग्राही हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ सुमित ध्रुव सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button